गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 15 अप्रैल (CNMSports)| 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के अंतिम दिन रविवार को भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार सफलता अर्जित करते हुए कुल सात पदक जीते। सायना ने देश को 26वां स्वर्ण पदक दिलाया जबकि इसके अलावा भारत की झोली में चार रजत और दो कांस्य भी आए। भारत को अंतिम दिन बैडमिंटन से एक स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल हुए। महिला एकल वर्ग में जहां एक ओर सायना ने स्वर्ण पदक जीता, वहीं पी.वी. सिंधु को रजत पदक हासिल हुआ। महिला एकल वर्ग के स्वर्ण पदक का मुकाबला सायना और सिंधु के बीच ही था।
सायना ऐसे में राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बन गई हैं। वल्र्ड नम्बर-12 सायना ने इससे पहले 2010 में राजधानी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता सायना ने स्वर्ण पदक के लिए खेले गए महिला एकल वर्ग के मैच में विश्व चैम्पियनशिप में दो बार रजत और ओलम्पिक में भी रजत जीत चुकीं हमवतन सिंधु को 56 मिनट में 21-18, 23-21 से मात देकर राष्ट्रमल खेलों का दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा, पुरुष एकल वर्ग में श्रीकांत को भी रजत पदक मिला। उन्हें स्वर्ण पदक के लिए खेले गए मैच में मलेशिया के दिग्गज और राष्ट्रमंडल खेलों में रिकार्ड पांच बार स्वर्ण पदक जीत चुके ली चोंग वेई ने मात दी।