नई दिल्ली, 29 जून (CNMSPORTS)| अगस्त में जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने शुक्रवार को टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में शिव थापा की वापसी हुई है, जबकि उनके छह पुरुष और तीन महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
राष्ट्रमंडल खेलों में टीम से बाहर रहे अनुभवी मुक्केबाज शिव थापा ने एशियाई खेलों के लिए टीम में वापसी की है। विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक विजेता शिव टीम को गहराई प्रदान करेंगे। शुक्रवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित ट्रायल्स में राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मनीष कौशिक दो बार ओलिम्पक खेलने वाले थापा से मात खा गए और अपनी जगह गंवा बैठे। कौशिक ने अतीत में दो बार थापा को मात दी थी, लेकिन इस मुकाबले में असम के मुक्केबाज ने अपने अनुभव का अच्छा इस्तेमाल किया और कौशिक को हरा दिया।
पुरुष टीम का दारोमदार 75 किलोग्राम भारवर्ग में विकास कृष्ण पर होगा। विकास ने 2010 और 2014 के एशियाई खेलों में क्रमश: स्वर्ण और कांस्य पदक अपने नाम किया था। उनके अलावा 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले मनोज कुमार 69 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।