नई दिल्ली, 23 जनवरी (CNMSports)| खेलों में उलटफेर एकबार होता है, लेकिन जो बार-बार होता है उसे काबिलियत कहते हैं। पूजा ढांडा इस समय प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के तीसरे सीजन के साथ-साथ पूरी दुनिया में अपनी काबिलियत की वजह से चर्चा का विषय बनी हुई हैं। जब पूजा ने ओलम्पिक और विश्व विजेता हेलेन मारोलिस को हराया था तब सबने उसे एक बड़ा उलटफेर माना था, लेकिन अब उन्होंने विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाली ओडुनायो को हराकर अपनी ताकत का परिचय एकबार फिर दिया है।
पंजाब रॉयल्स की ओर से खेल रहीं पूजा ने मुम्बई महारथी की ओडुनायो को चित-पट के आधार पर हराकर एक हफ्ते में दूसरा बड़ा उलटफेर किया। इन दोनों दिग्गजों के खिलाफ पूजा एक खास रणनीति के साथ खेलती नजर आईं। हेलेन के खिलाफ पूजा मुकाबले में पिछड़ रही थीं, लेकिन आखिरी लम्हों में उन्होंने बाजी पलट दी। यही पूजा ने ओडुनायो के खिलाफ भी किया और सवा चार मिनट के खेल में पिछड़ने के बाद नाइजीरियन रेसलर को चित कर दिया।